ओडिशा में खरीफ धान खरीद अभियान ने शानदार रप्तार पकड़ी है। राज्य सरकार अब तक 71.50 लाख टन धान की सफलतापूर्वक खरीद कर चुकी है और 31 मार्च की अंतिम तिथि से पहले 76 लाख टन के लक्ष्य को पूरा करने को लेकर आश्वस्त है। खाद्य आपूर्ति और उपभोक्ता कल्याण मंत्री कृष्ण चन्द्र पात्रा ने बताया कि धान खरीद सुचारु रूप से चल रही है और किसानों को किसी भी समस्या से बचाने के लिए सरकार पूरी सतर्कता बरत रही है।
रबी सीजन की खरीद के लिए भी तैयारी जारी है और मुख्यमंत्री की मंजूरी मिलते ही पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। धान खरीद को पारदर्शी और कुशल बनाने के लिए सरकार ने राज्यभर में 24/7 नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है, जहां से खरीद केंद्रों की निगरानी की जा रही है। साथ ही, किसानों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1967 भी शुरू की गई है।
राज्य मंत्रिमंडल ने पहले खरीफ विपणन सीजन 2024-25 के लिए 54 लाख टन चावल, 80 लाख टन धान के बराबर खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। प्रारंभिक लक्ष्य में 66 लाख टन खरीफ धान और 14 लाख टन रबी धान शामिल था। हालांकि दिसंबर 2024 में उप मुख्यमंत्री केवी सिंह देव की अगुवाई में मंत्रियों के समूह ने बेमौसम बारिश के कारण फसल क्षति को देखते हुए धान खरीद लक्ष्य को 77 लाख टन तक संशोधित कर दिया।
पश्चिमी ओडिशा के कई जिलों में धान खरीद लगभग समाप्त हो गई है, जबकि तटीय जिलों में यह अभी भी तेजी से चल रही है। बारिश प्रभावित जिलों में भी खरीद लक्ष्य को पार किया गया है, जिससे सरकार को उम्मीद है कि 31 मार्च तक राज्य अपने संशोधित लक्ष्य से भी आगे निकल सकता है।
यह भी पढ़े: देश में एआई संचालित कृषि को बढ़ावा देने के लिए बिल गेट्स आए भारत!