घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मांग में सुधार के संकेतों के बीच सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया यानी सोपा ने वर्ष 2025-26 के तेल वर्ष के लिए सोया खली निर्यात का अनुमान बढ़ाकर 10 लाख टन कर दिया है। इससे पहले यह अनुमान 8 लाख टन रखा गया था। साथ ही सोपा ने सोयाबीन पेराई का अनुमान भी बढ़ाकर 102 लाख टन कर दिया है, जो पहले 97 लाख टन आंका गया था।
सोपा के कार्यकारी निदेशक डी. एन. पाठक के अनुसार पशुपालन और पोल्ट्री क्षेत्र से मजबूत मांग के कारण पशु चारे के रूप में सोया खली की घरेलू खपत का अनुमान भी 60 लाख टन से बढ़ाकर 62 लाख टन कर दिया गया है। हालांकि चालू तेल वर्ष के पहले पांच महीनों में निर्यात पिछले वर्ष की तुलना में कम रहा है।
अक्टूबर से फरवरी 2025-26 के दौरान सोया खली निर्यात 7.12 लाख टन रहा, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 9.50 लाख टन था। इसी अवधि में उत्पादन भी 40.64 लाख टन से घटकर 37.48 लाख टन रह गया। पशु चारे के रूप में घरेलू खपत 27.50 लाख टन से घटकर 26.50 लाख टन और खाद्य क्षेत्र में उपयोग 3.65 लाख टन से घटकर 3.45 लाख टन रह गया।
मंडियों में सोयाबीन की कम आवक ने प्रसंस्करण गतिविधियों को भी प्रभावित किया है। फरवरी तक सोयाबीन की आवक 57 लाख टन आंकी गई, जो पिछले वर्ष के 66 लाख टन से कम है। इसी अवधि में पेराई 51.50 लाख टन से घटकर 47.50 लाख टन रह गई।
सोपा के अनुसार वर्तमान में सोयाबीन का कुल भंडार लगभग 58.41 लाख टन है, जिसमें से करीब 7 लाख टन सरकारी एजेंसियों के पास मूल्य समर्थन खरीद कार्यक्रम के तहत मौजूद है।
यह भी पढ़े: खरीफ सीजन से पहले सरकार ने किया खाद का डबल स्टॉक, जानें सरकार का ‘प्लान-B’..!
जागरूक रहिए व नुकसान से बचिए और अन्य लोगों के जागरूकता के लिए साझा करें एवं कृषि जागृति, स्वास्थ्य सामग्री, सरकारी योजनाएं, कृषि तकनीक, व्यवसायिक एवं जैविक खेती से संबंधित जानकारियां प्राप्त करने के लिए जुड़े कृषि जागृति चलो गांव की ओर से या कृषि संबंधित किसी भी समस्या के जैविक समाधान के लिए WhatsApp करें।
कृषि जागृति-Krishi Jagriti एक अग्रणी डिजिटल समाचार मंच है, जो भारतीय किसानों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य किसानों तक नवीनतम कृषि लेख, सरकारी योजनाएं, उन्नत कृषि तकनीक, बाजार भाव और जैविक खेती से संबंधित सटीक और उपयोगी जानकारियों का प्रसारण करना है। हम ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों के जीवन में सकारात्मक सुधार लाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
