ओडिशा सरकार ने आगामी रबी सीजन के लिए धान खरीद की तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्य के मुख्य सचिव मनोज आहूजा ने बताया कि 20 जिलों में 1 मई से धान खरीद अभियान शुरू हो गई है, जो 30 जून तक चलेगा। इस दौरान सरकार ने 14 लाख टन धान खरीदने का लक्ष्य तय किया है। लोक सेवा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय धान खरीद समिति की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में आहूजा ने बताया कि इस उद्देश्य के लिए लगभग 3,37,000 किसानों का पंजीकरण किया गया है।
धान खरीद प्रक्रिया में 965 प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां और 200 स्वयं सहायता समूह भी भाग लेंगे। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि कंधमाल, सुंदरगढ़ और भद्रक सहित 20 कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र किसान धान बेचने से वंचित न रहे। साथ ही मंडियों में सुविधाओं को दुरुस्त रखने और निगरानी के लिए नोडल अधिकारी और पर्यवेक्षक नियुक्त किए जाएंगे।
खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार सिंह ने जानकारी दी कि पिछले खरीफ सीजन में 16.60 लाख किसानों से 73.45 लाख टन धान खरीदा गया था। इसके बदले किसानों को 16,853 करोड़ रुपए एमएसपी और 5,862 करोड़ रुपए इनपुट सहायता के रूप में प्रदान किए गए थे।
सरकार ने यह भी तय किया है कि इस रबी सीजन में किसानों को धान बेचने के 48 घंटे के भीतर न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,300 रुपए प्रति क्विंटल और इनपुट सहायता 800 रुपए प्रति क्विंटल मिलाकर कुल 3,100 रुपए की राशि सीधे उनके खातों में भेज दी जाएगी।
यह भी पढ़े: उत्तर प्रदेश में इस मानसून लगेगा हरियाली का महा अभियान!