हरियाणा सरकार ने पहली बार आगजनी से नष्ट हुई फसलों के लिए किसानों को मुआवजा दिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा सिविल सचिवालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान 17 जिलों के 151 किसानों के खातों में 86.96 लाख की सहायता राशि डिजिटल माध्यम से ट्रांसफर की। यह मुआवजा कुल 324 एकड़ में लगी फसल के नुकसान के मद्देनजर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिन किसानों की फसलें आगजनी के कारण जलकर राख हो गई हैं, उन्हें अगली फसल की बुआई के लिए सरकार की ओर से मुक्त खाद और बीज भी उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहां की यह पहली बार है जब किसानों को आगजनी के लिए मुआवजा मिल रहा है और वह भी पहले की तुलना में दोगुनी राशि के रूप में।
सैनी ने बताया कि रबी सीजन 2025 में बड़ी संख्या में खेतों में आग लगने की घटनाएं सामने आई थी, जिससे फसलों को व्यापक नुकसान हुआ। इस स्थिति को देखते हुए सरकार ने तुरंत ई क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला, जिससे किसान नुकसान की जानकारी ऑनलाइन साझा कर सकें। पोर्टल पर प्राप्त दावों की त्वरित जांच के लिए राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
राज्य सरकार ने रबी 2023 से प्राकृतिक आपदाओं के चलते होने वाले फसल नुकसान के दावों के निपटारे के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल से ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल को जोड़ा है। इससे किसान स्वयं फसल क्षति का विवरण दर्ज कर सकते हैं और जांच के बाद सीधे बैंक खाते में मुआवजा प्राप्त कर सकते हैं। यह प्रक्रिया न केवल पारदर्शिता लाती है, बल्कि भ्रष्टाचार की आशंका को भी समाप्त करती है।
यह भी पढ़े: उत्तर प्रदेश सरकार ने दिए जलवायु अनुकूल किस्में विकसित करने के निर्देश!