केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जयपुर से किसानों के लिए डिजिटल सहयोगी ‘भारत विस्तार’ प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस मंच का लक्ष्य किसानों को स्मार्ट, सशक्त और सूचना-संपन्न बनाना है। इस मंच के माध्यम से किसान केवल एक कॉल पर फसल संबंधी वैज्ञानिक सलाह, ताज़ा मंडी भाव और मौसम की सटीक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
चौहान ने कहा कि डिजिटल तकनीक का ग्रामीण भारत तक विस्तार किसानों की आय बढ़ाने के लिए अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कृषि के साथ पशुपालन और अन्य संबद्ध गतिविधियों को जोड़ने में भी तकनीक की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उनके अनुसार ‘भारत विस्तार’ केवल एक ऐप नहीं, बल्कि चौबीसों घंटे उपलब्ध रहने वाला डिजिटल कृषि विशेषज्ञ है।
आपको बता दें कि इस प्लेटफॉर्म में ‘भारती’ नाम का एआई आधारित वॉइस असिस्टेंट शामिल है, जिससे किसान सीधे संवाद कर सकेंगे। किसान मोबाइल ऐप के साथ-साथ हेल्पलाइन नंबर 155261 पर साधारण वॉइस कॉल के जरिए भी इसका उपयोग कर सकेंगे। यह सुविधा ओलावृष्टि, वर्षा, बाढ़ और सूखे जैसी प्राकृतिक आपदाओं की पूर्व चेतावनी देने में भी सहायक होगी।
इसके अलावा किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, सॉइल हेल्थ कार्ड और किसान क्रेडिट कार्ड जैसी योजनाओं की विस्तृत जानकारी तथा आवेदन सुविधा उपलब्ध होगी। बुवाई से कटाई तक वैज्ञानिक परामर्श, फसलों के ताज़ा बाजार मूल्य और किसान फीडबैक की डिजिटल रिकॉर्डिंग से नीतियों और अनुसंधान को डेटा-आधारित बनाने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़े: भारत का गोबर निर्यात 400 करोड़ रुपए के पार..!
जागरूक रहिए व नुकसान से बचिए और अन्य लोगों के जागरूकता के लिए साझा करें एवं कृषि जागृति, स्वास्थ्य सामग्री, सरकारी योजनाएं, कृषि तकनीक, व्यवसायिक एवं जैविक खेती से संबंधित जानकारियां प्राप्त करने के लिए जुड़े कृषि जागृति चलो गांव की ओर से या कृषि संबंधित किसी भी समस्या के जैविक समाधान के लिए WhatsApp करें।
