आगामी खरीफ बुआई सीजन से पहले केंद्र सरकार ने कृषि क्षेत्र को नई रफ्तार देने की तैयारी शुरू कर दी है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि 29 मई से 12 जून तक देशभर में विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य देश के 700 जिलों में 1 से 1.5 करोड़ किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों और नई बीज किस्मों की जानकारी देना है।
यह राष्ट्रव्यापी अभियान केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वय से संचालित होगा। इसके तहत कृषि वैज्ञानिकों, अधिकारियों और प्रगतिशील किसानों को मिलाकर 2,000 टीमें बनाई जाएंगी, जो रोजाना जिला स्तर पर तीन बैठकें करेंगी और हर दिन 10 से 12 लाख किसानों तक पहुंचने का प्रयास करेंगी। इस अभियान के दौरान टीमें किसानों को जलवायु परिवर्तन के अनुकूल बीज किस्मों, उर्वरकों की उपलब्धता, मानसून के पूर्वानुमान और मौजूदा सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगी।
खरीफ बुआई अभियान पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री चौहान ने कृषि विस्तार सेवाओं को अधिक प्रभावी और समयबद्ध बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहां की शोध संस्थानों में विकसित तकनीकें और बीज किस्में अब प्रयोगशालाओं तक सीमित न रहें, बल्कि समय पर किसानों के खेतों तक पहुंचे।
चौहान ने राज्य के कृषि मंत्रियों से अभियान का नेतृत्व करने की अपील की और कहां कि वे राज्य के मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखकर सक्रिय भागीदारी की मांग करेंगे। कृषि मंत्री ने कहां, कृषि क्षेत्र में विकास की व्यापक संभावनाएं हैं और इन संभावनाओं को केंद्र व राज्य सरकारों के सामूहिक प्रयासों से ही वास्तविक रूप दिया जा सकता है।
यह भी पढ़े: खाद्यान्न भंडारण में पारदर्शिता लाएगा डिपो दर्पण पोर्टल!