क्या सच में दोगुनी हुई गन्ना किसानों की आय? जानें सरकारी आंकड़े और जमीनी हकीकत

गन्ना किसानों की आय दोगुनी से अधिक होने के दावे इन दिनों फिर चर्चा में हैं। हाल ही में दिए गए बयान में कहा गया है कि प्रदेश में गन्ना किसानों की औसत आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और भुगतान की स्थिति पहले से बेहतर हुई है। आंकड़ों के अनुसार किसानों की औसत आय 52 हजार रुपय से बढ़कर लगभग 1.20 लाख रुपय तक पहुंचने की बात कही जा रही है।

साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि गन्ना मूल्य में वृद्धि हुई है और भुगतान प्रक्रिया तेज हुई है। लेकिन यदि इस पूरे दावे को हम किसानो के नजरिए से देखा जाए, तो तस्वीर इतनी सीधी नहीं दिखती। खेत पर खड़े किसान की असल स्थिति समझना जरूरी है। गन्ने की खेती एक लंबी अवधि की फसल है, जिसमें लागत लगातार बढ़ती जा रही है।

मजदूरी, खाद, सिंचाई, परिवहन और समय- सभी मिलाकर खर्च पहले से काफी ज्यादा हो चुका है। ऐसे में सिर्फ आय के आंकड़े बताना पर्याप्त नहीं है, जब तक शुद्ध लाभ की स्थिति साफ न हो। सरकार द्वारा यह भी कहा गया है कि गन्ने का मूल्य 300 रुपय से बढ़ाकर 400 रुपय प्रति क्विंटल किया गया है। यह निश्चित रूप से एक सकारात्मक कदम माना जा सकता है।

लेकिन किसानों का सवाल यह है कि क्या यह बढ़ोतरी वास्तविक लागत के मुकाबले पर्याप्त है? आज डीजल, खाद और मजदूरी के दाम जिस तेजी से बढ़े हैं, उसके सामने यह बढ़ोतरी कई बार संतुलन नहीं बना पाती। भुगतान को लेकर भी बड़े दावे किए जा रहे हैं कि अब 8 से 10 दिन में भुगतान हो रहा है, जबकि पहले इसमें महीनों लग जाते थे।

जमीन पर स्थिति कई क्षेत्रों में अभी भी अलग दिखाई देती है। कई किसानों को समय पर पूरा भुगतान नहीं मिल पाता या किश्तों में मिलता है, जिससे उनकी नकदी व्यवस्था प्रभावित होती है और अगली फसल की तैयारी में दिक्कत आती है। सरकार की ओर से यह भी बताया गया है कि लाखों किसानों को बिजली बिल में राहत दी गई है और सिंचाई सुविधाओं को मजबूत किया गया है। यह कदम निश्चित रूप से जरूरी हैं, लेकिन सवाल यह है कि क्या ये सुविधाएं हर किसान तक समान रूप से पहुंच रही हैं?

कई छोटे और सीमांत किसान अभी भी इन योजनाओं का पूरा लाभ नहीं ले पा रहे हैं। गन्ना उत्पादन में वृद्धि और रिकॉर्ड उत्पादन की बात भी सामने रखी जा रही है। लेकिन ज्यादा उत्पादन का मतलब हमेशा ज्यादा मुनाफा नहीं होता। अगर बाजार व्यवस्था, भुगतान और लागत का संतुलन सही नहीं है, तो अधिक उत्पादन भी किसान के लिए दबाव बन सकता है।

असल मुद्दा यह है कि किसान की आय का सही मूल्यांकन केवल उत्पादन या सरकारी आंकड़ों से नहीं, बल्कि उसकी जेब में बचने वाली रकम से होना चाहिए। जब तक किसान को अपनी मेहनत का उचित और समय पर पूरा मूल्य नहीं मिलेगा, तब तक गन्ना किसानों की आय दोगुनी जैसे दावे जमीन पर पूरी तरह सच साबित नहीं हो पाएंगे।

किसान आज भी यही चाहते है कि फसल का सही दाम मिले, भुगतान समय पर मिले और खेती की लागत पर नियंत्रण हो। अगर इन तीनों बातों पर सही तरीके से काम हो जाए, तो आय अपने आप बढ़ेगी और दावों को साबित करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

यह भी पढ़े: यूपी के किसानों के लिए ढैंचा बीज पर 50% सब्सिडी का ऐलान, जानें खरीफ 2026 की नई दरें

जागरूक रहिए व नुकसान से बचिए और अन्य लोगों के जागरूकता के लिए साझा करें। कृषि लेख, सरकारी योजनाएं, कृषि तकनीक, व्यवसायिक एवं जैविक खेती से संबंधित सटीक जानकारियां प्राप्त करने के लिए जुड़े कृषि जागृति चलो गांव की ओर से या कृषि संबंधित किसी भी समस्या के जैविक समाधान के लिए WhatsApp करें।

Leave a Comment