गुजरात सरकार ने न्यूनतम समर्थन मूल्य पर चना और सरसों की सरकारी खरीद शुरू कर दी है। राज्य सरकार ने इस खरीद प्रक्रिया के लिए 2,669 करोड़ रुपए की राशि आवंटित की है। इस सरकारी पहल से प्रदेशभर के लगभग 4.65 लाख किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
प्रदेश सरकार की 1,902 करोड़ रुपए की लागत से 3.36 लाख टन चना और 767 करोड़ रुपए की लागत से 1.29 लाख टन सरसों की खरीद की योजना है। प्रदेश सरकार द्वारा चना 5,650 रुपए प्रति क्विंटल और सरसों 5,950 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। प्रदेश में अब तक चना उगाने वाले 3.36 लाख किसानों और सरसों की खेती करने वाले 1.18 लाख किसानों ने अपनी उपज बेचने के लिए पंजीकरण कराया है। राज्य में 266 खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें से 179 केंद्र चना और 87 केंद्र सरसों की खरीद के लिए आरक्षित हैं।
गुजरात में इस साल चने की बुआई में उत्साहजनक वृद्धि देखी गई है। किसानों ने 8.49 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में चने की बुआई की, जो पिछले तीन सालों के औसत से 15,000 हैक्टेयर ज्यादा है। हालांकि सरसों की बुआई में गिरावट दर्ज की गई है। इस बार केवल 2.58 लाख हैक्टेयर क्षेत्र में सरसों बोई गई है, जबकि तीन साल औसत 3.07 लाख हैक्टेयर रहा है।
यह भी पढ़े: आगजनी से फसल नुकसान की भरपाई करेगी सरकार!